देहरादून। प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में लंबे समय से रिक्त चल रहे अध्यक्ष पद सहित तीन सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्मिक विभाग की ओर से अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जनवरी 2026 की शाम छह बजे तक अपने आवेदन भेज सकते हैं।कार्मिक विभाग के सचिव शैलेश बगोली ने इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की है। आवेदन निर्धारित शैक्षिक एवं अनुभव संबंधी प्रमाण पत्रों की प्रतियों के साथ डाक के माध्यम से कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भवन, सचिवालय परिसर में जमा करने होंगे। उल्लेखनीय है कि आयोग में पिछले दो वर्षों से अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है, जिससे आयोग के कार्यों पर भी प्रभाव पड़ा है।निर्धारित अर्हताओं के अनुसार आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्य ऐसे सक्षम, ईमानदार और निष्पक्ष व्यक्ति होंगे, जिनमें उत्कृष्ट क्षमता, सत्यनिष्ठा और उच्च प्रतिष्ठा के साथ साहित्य, विज्ञान, कला, समाज सेवा, प्रशासनिक या न्याय क्षेत्र में विशेष ज्ञान अथवा व्यावहारिक अनुभव हो। सरकार की इस पहल को आयोग को फिर से पूरी क्षमता के साथ सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
