देहरादून। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने निश्शुल्क मनो–सामाजिक काउंसलिंग सेवा शुरू की है। यह सेवा एक जून तक जारी रहेगी, जिसका लाभ सीबीएसई सहित अन्य स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र और उनके अभिभावक भी उठा सकते हैं।सीबीएसई ने बताया कि परीक्षा के दौरान बढ़ते तनाव, घबराहट और मानसिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। बोर्ड ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और परीक्षा के समय उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास करें। छात्र और अभिभावक 24×7 टोल-फ्री नंबर 1800-11-8004 पर कॉल कर हिंदी और अंग्रेजी भाषा में विशेषज्ञों से सलाह ले सकते हैं।इसके अतिरिक्त, सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक अनुभवी काउंसलर और मनोवैज्ञानिकों से टेली-काउंसलिंग के माध्यम से सीधे संवाद करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान छात्र अपनी पढ़ाई से जुड़े तनाव, डर और मानसिक उलझनों पर खुलकर बात कर सकते हैं।सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी तनाव प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन रणनीतियों और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और परीक्षा को आत्मविश्वास, संतुलन और सकारात्मक सोच के साथ दें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
