हल्द्वानी। पत्नी से चल रहे विवाद से जुड़े कोर्ट मामले की पेशी के लिए दिल्ली गए हल्द्वानी निवासी युवक और उसके दोस्त के शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। पांच जनवरी को युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि छह जनवरी को उसी स्थान से करीब 200 मीटर दूर उसके दोस्त का शव बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार, वैलेजली लॉज गली नंबर-2, शिव मंदिर क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय रवि गुप्ता एक फाइनेंशियल कंपनी में कार्यरत था। उसका दिल्ली के मंडावली क्षेत्र निवासी पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन था। चार जनवरी को रवि गुप्ता अपने आठ वर्षीय बेटे और दोस्त गोलू शर्मा के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।बताया गया कि पांच जनवरी को रवि गुप्ता कोर्ट में पेश हुआ था। इसके कुछ समय बाद उसका शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। अगले दिन छह जनवरी को उसी इलाके में करीब 200 मीटर की दूरी पर उसके दोस्त गोलू शर्मा का शव भी बरामद हुआ।शवों की शिनाख्त होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी पुलिस से संपर्क साधा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को रवि गुप्ता का शव हल्द्वानी लाया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।फिलहाल दोनों मौतों के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
