काशीपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने काशीपुर के किसान स्व- सुखवंत सिंह की मौत को संस्थागत हत्या करार देते हुए मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी काशीपुर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसान सुखवंत सिंह की मौत महज पुलिसिया ज्यादती नहीं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की विफलता और भ्रष्टाचार का परिणाम है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में पुलिस तंत्र पूरी तरह बेलगाम हो चुका है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा एवं पुलिस अधिकारी कुंदन रौतेला के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और जबरन वसूली की धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्रतारी की जाए। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए। प्रदेश व जनपद स्तर पर थानों में चल रहे कथित अवैध वसूली और समझौते के खेल पर सख्त रोक लगाई जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी जन-आंदोलन शुरू करेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन देने वालों में अनुपम शर्मा, मुशर्रफ हुसैन, गौरव चौधरी, कुलदीप सिंह,नीरज सिंह, संजू बोरा, नीरज खाती, सारिम सैफी, वरुण चौधरी, राकेश टोपीवाला, परम संधू, शादन इकबाल, अनीस अंसारी, रियासत हुसैन समेत कई कांग्रेसी शामिल है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
