रामनगर में युवक की नृशंस हत्या से सनसनी, नहर किनारे खून से लथपथ मिला शव

रामनगर। शहर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मोहल्ला गूलरघट्टी के समीप भगवान दास की चक्की के पीछे सिंचाई नहर के किनारे एक युवक का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय समीर उर्फ लक्की के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment