काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए आईजी एसटीएफ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है और गहन विवेचना के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय एसआईटी में पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट (चम्पावत) तथा उपनिरीक्षक मनीष खत्री (चम्पावत) को शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि बीती 11 जनवरी को ऊधमसिंह नगर जिले के आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम पैगा निवासी 40 वर्षीय किसान सुखवंत सिंह ने गौलापार स्थित देवभूमि होटल के कमरा नंबर 101 में अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों ने सुखवंत सिंह से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये में भूमि का सौदा तय कर केवल 50 लाख रुपये मूल्य की दूसरी भूमि की रजिस्ट्री कर दी, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में था। आत्महत्या से दो दिन पहले सुखवंत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कुंडा थाना प्रभारी, पैंगा चौकी प्रभारी और ऊधमसिंह नगर के एसएसपी पर प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया। अब एसआईटी द्वारा पूरे प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं, आरोपों और तथ्यों की गहन जांच की जाएगी ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
