राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने 23 अगस्त के पूर्व आदेश को अतिक्रमित करते हुए उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 की धारा-12 की उपधारा-2 के अंतर्गत प्रोफेसर रमाकांत पांडेय को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी तीन वर्षों के लिए कुलपति नियुक्त किया है। वर्तमान में प्रो. पांडेय केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के जयपुर परिसर में निदेशक पद पर सेवाएं दे रहे हैं और शिक्षण, शोध व अकादमिक प्रशासन के क्षेत्र में उनका अनुभव अत्यंत समृद्ध और बहुआयामी रहा है। उन्हें बतौर प्रोफेसर 10 वर्ष तथा सीनियर प्रोफेसर के रूप में चार वर्ष का अनुभव प्राप्त है। उनके मार्गदर्शन में अब तक 25 शोधार्थी पीएचडी उपाधि प्राप्त कर चुके हैं, जबकि आठ शोधार्थी वर्तमान में पीएचडी कर रहे हैं। संस्कृत साहित्य और शोध के क्षेत्र में प्रो. पांडेय का योगदान व्यापक माना जाता है, जिनकी अब तक 65 पुस्तकें, 150 शोध पत्र और 22 साहित्यिक लेख प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सात शोध पत्रिकाओं का संपादन किया है तथा उनकी 27 पुस्तकें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में पढ़ाई जा रही हैं। अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वह 86 राष्ट्रीय, 15 अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों और 57 कार्यशालाओं में सहभागिता कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति से उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्य और प्रशासनिक सुदृढ़ता को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
