देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कन्हैया लाल डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज की चेतना को दिशा देने वाला सबसे बड़ा मार्गदर्शक होता है और जिस समाज में शिक्षक सुरक्षित, सम्मानित एवं संतुष्ट रहता है, वही समाज प्रगति के शिखर की ओर तेजी से अग्रसर होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, समावेशी और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति, डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास, शिक्षक प्रशिक्षण और शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से शिक्षा के स्तर को लगातार ऊंचा उठाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बदलते समय के अनुरूप विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना भी प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शिक्षा को प्रदेश के विकास की मजबूत नींव बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
