देहरादून।उत्तराखंड में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों और शंकाओं को देखते हुए उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेशभर में लगाए गए स्मार्ट मीटरों की औचक जांच के लिए एक विशेषज्ञ संस्था की सेवाएं ली जाएंगी। यह संस्था अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर उपभोक्ताओं के घरों पर लगे स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जांच करेगी।यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि यह कदम उपभोक्ताओं की सुविधा, पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। जांच के दौरान स्मार्ट मीटर की रीडिंग, डेटा ट्रांसमिशन और बिलिंग प्रणाली की गहराई से समीक्षा की जाएगी। जांच रिपोर्ट यूपीसीएल मुख्यालय को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।मीटर खराब होने या फुंकने पर नहीं लगेगा कोई शुल्कयूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि अब तक लगाए गए स्मार्ट मीटरों के खराब होने या फुंकने की दर बेहद कम रही है। इसके बावजूद यूपीसीएल लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का स्मार्ट मीटर खराब हो जाता है या फुंक जाता है, तो मीटर बदलने के लिए उपभोक्ता से कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि नहीं देनी होगी।स्मार्ट मीटर से मिनटों में जारी हो रहा बिजली बिलस्मार्ट मीटर प्रणाली से यूपीसीएल की बिलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। पहले बिजली बिल घर-घर जाकर मीटर रीडिंग के बाद पूरे महीने में जारी होते थे, लेकिन अब एक ही दिन में मिनटों के भीतर बिल जारी किए जा रहे हैं। हाल ही में यूपीसीएल ने करीब 3.88 लाख उपभोक्ताओं का बिजली बिल एक ही दिन में जारी किया।यह बिजली बिल उपभोक्ताओं को सीधे उनके व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समय की बचत हो रही है और गलतियों की संभावना भी कम हुई है। उपभोक्ता इन बिलों का भुगतान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं।उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शी और भरोसेमंद व्यवस्थायूपीसीएल का कहना है कि स्मार्ट मीटरों से बिजली चोरी पर रोक, सटीक रीडिंग और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था को बढ़ावा मिला है। विशेषज्ञ संस्था द्वारा की जाने वाली औचक जांच से उपभोक्ताओं की आशंकाओं का समाधान होगा और स्मार्ट मीटर प्रणाली पर भरोसा और मजबूत होगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
