काशीपुर में प्रदूषण और किसानों के मुद्दों पर गरमाई राजनीति, महापौर दीपक बाली को सौंपे गए ज्ञापन

काशीपुर।शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण और किसानों से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर सोमवार को अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों ने महापौर दीपक बाली को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन सौंपे। एक ओर आवास विकास क्षेत्र के नागरिकों ने काशीपुर रेलवे स्टेशन पर कोयला और सीमेंट की रैक उतारे जाने से फैल रहे प्रदूषण पर गहरी चिंता जताई, वहीं दूसरी ओर 18 ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मार्च माह में धान की फसल बोने की अनुमति दिए जाने की मांग उठाई। वार्ड संख्या 17 के पार्षद पुष्कर बिष्ट के नेतृत्व में आवास विकास क्षेत्र के दर्जनों नागरिक नगर निगम कार्यालय पहुंचे और बताया कि रेलवे स्टेशन पर रैक उतारने के दौरान और बाद में भारी मात्रा में उड़ने वाली धूल से आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण फैल रहा है, जिसका सीधा असर आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। क्षेत्र में स्थित स्कूलों के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव की आशंका जताते हुए नागरिकों ने रैक किसी अन्य स्थान पर उतारने की मांग की। महापौर दीपक बाली ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और रैक उतरते समय वे स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। उन्होंने संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रेषित कर दिया। इधर, 18 ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने ज्ञापन में कहा कि इस वर्ष अधिक वर्षा के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे विशेष रूप से बटाई पर खेती करने वाले किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों ने मार्च माह में धान की बुवाई की अनुमति देने की मांग करते हुए यह भी भरोसा दिलाया कि वे अप्रैल में बोई जाने वाली अधिक जल खपत वाली धान की फसल नहीं लगाएंगे। महापौर दीपक बाली ने किसानों के ज्ञापन को भी मुख्यमंत्री को भेजते हुए कहा कि वे स्वयं इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे और उम्मीद जताई कि किसानों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकलेगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment