काशीपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 के अंतर्गत नगर निगम प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध होर्डिंग्स/ फ्रलैक्स/बैनर/पोस्टरों को हटाने का अभियान चलाया । निगम प्रशासन ने चेतावनी दी यदि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के प्रचार सामग्री लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेयर दीपक बाली व नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने आज अभियान चालाया। यह अभियान ढेला पुल से लेकर चीमा चौराहे तक सड़क के दोनों और डिवाइडरों के बीच लगे समस्त विद्युत पोलों, सार्वजनिक स्थलों और डिवाइडरों पर अवैध रूप से लगे सभी होर्डिंग्स, फ्रलैग्स, बैनर और पोस्टरों को मौके से हटाया गया। नगर निगम प्रशासन के संज्ञान में आया है कि शहर में बिना अनुमति के लगे अनाधिकृत पोस्टर, बैनर और यूनीपोल के कारण निगम को भारी राजस्व की हानि हो रही है। इसके साथ ही, ये अवैध होर्डिंग्स/फ्रलैक्स /बैनर/ यूनीपोल तकनीकी रूप से असुरक्षित हैं, जिनसे भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना की प्रबल संभावना बनी रहती है। जन-सुरक्षा के दृष्टिगत इन अवैध संरचनाओं को हटाया जाना अनिवार्य है। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए निर्देशित किया है कि सभी संबंधित पक्ष (अवैध विज्ञापन लगाने वाले) स्वयं संज्ञान लेते हुए स्वयं अपने अनाधिकृत पोस्टर, बैनर और यूनीपोल हटा लें। और यदि नहीं हटाते हैं तो नगर निगम इन्हे स्वयं हटायेगा और अभियान के दौरान होने वाले समस्त व्यय की वसूली संबंधित व्यक्ति या संस्थान से की जाएगी। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, पर्यावरण पर्यवेक्षक राजेश व संपूर्ण जेब्रा टीम एवं अरविंद कुमार, विवेक चौधरी, परवेश कुमार तथा विद्युत अनुभाग की टीम कपिल, जुबेर और अन्य लाइनमैन मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
