श्रीअन्न से रोजगार और पर्यटन को नई दिशा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल रूप से ‘शेफ संवाद’ कार्यक्रम में की सहभागिता

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आम्रपाली विश्वविद्यालय परिसर से आयोजित श्रीअन्न आधारित “शेफ संवाद” कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सहभागिता करते हुए राज्य के पारंपरिक व्यंजनों, मोटे अनाजों और स्थानीय खाद्य संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन पर जोर दिया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े युवा शेफ, होटल एवं पर्यटन उद्योग के विशेषज्ञ, शिक्षाविद् तथा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों और श्रीअन्न आधारित खानपान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ इससे जुड़े रोजगार, स्वरोजगार और पर्यटन की संभावनाओं पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीअन्न न केवल पोषण की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं, बल्कि यह किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक थाली, स्थानीय स्वाद और जैविक उत्पाद राज्य की विशिष्ट पहचान हैं, जिन्हें पर्यटन से जोड़कर नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने होटल एवं पर्यटन क्षेत्र में श्रीअन्न आधारित व्यंजनों की बढ़ती मांग, नए स्टार्टअप अवसरों और कौशल विकास पर अपने विचार साझा किए। साथ ही छात्रों और युवा शेफ को पारंपरिक व्यंजनों में नवाचार करते हुए उन्हें आधुनिक स्वाद और प्रस्तुति के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि श्रीअन्न आधारित खानपान न केवल स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है, बल्कि यह उत्तराखंड के सतत विकास, रोजगार सृजन और पर्यटन विस्तार का भी सशक्त माध्यम बन सकता है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment