नई दिल्ली। भारत सरकार ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। जनगणना के पहले चरण में देशभर में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना की जाएगी, जिसके तहत प्रत्येक घर, भवन और संस्थान का विस्तृत विवरण एकत्र किया जाएगा। इस चरण में यह जानकारी दर्ज की जाएगी कि भवन पक्का है या कच्चा, उसमें पानी, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हैं या नहीं, तथा उसका उपयोग आवासीय, व्यावसायिक या किसी अन्य उद्देश्य के लिए किया जा रहा है। साथ ही सरकारी, निजी और संस्थागत भवनों का भी पृथक-पृथक विवरण संकलित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य देश की आवासीय स्थिति और बुनियादी ढांचे की वास्तविक तस्वीर सामने लाना है। जनगणना का दूसरा चरण जनसंख्या गणना से संबंधित होगा, जिसमें नागरिकों की आयु, लिंग, शिक्षा, रोजगार, भाषा, धर्म सहित सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। सरकार का मानना है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, संसाधन वितरण और विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
