जन्मदिन पार्टी के दौरान गोलीकांड, ब्लैकमेलिंग के आरोप में युवती जेल भेजी गई; कई चौंकाने वाले खुलासे

गोरखपुर। जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के आरोपों से घिरी युवती अंशिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 20 जनवरी की है, जब अंशिका अपने दोस्तों के साथ सिंहड़िया मोड़ स्थित मॉडल शॉप के पास जन्मदिन मना रही थी। इसी दौरान एक निजी अस्पताल के मैनेजर विशाल मिश्रा से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के दौरान अंशिका ने पिस्तौल निकाल ली, जिसके बाद हुई हाथापाई में गोली चल गई और मैनेजर के साथी अमिताभ निषाद के पेट में जा लगी। घायल को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। मौके पर मौजूद लोगों ने अंशिका और उसके साथियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि अंशिका पर लंबे समय से ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के गंभीर आरोप हैं। विशाल मिश्रा ने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले अंशिका सिंह और उसका साथी बंटी वर्मा उसके अस्पताल आए थे, जहां से बातचीत के दौरान मोबाइल नंबर लिया गया। बाद में अंशिका ने पिस्तौल दिखाकर पहले 12 हजार रुपये और फिर 50 हजार रुपये की मांग की, पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। डर के कारण उसने 20 हजार रुपये दिए, जिसके बाद 20 जनवरी को बुलाकर विवाद किया गया।पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि अंशिका ने एक मैसेंजर ऐप के जरिए पुलिसकर्मियों से संपर्क कर वीडियो कॉल के दौरान रिकॉर्डिंग की और उसी के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल किया।

उसके मोबाइल से कई पुलिसकर्मियों के साथ फोटो और वीडियो मिले हैं, जिनमें कुछ आपत्तिजनक बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उसने गोरखपुर के एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को इसी तरीके से फंसाकर पैसे वसूले। इसके अलावा संत कबीर नगर और खलीलाबाद के मामलों में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आई हैं।एसपी सिटी अभिनव त्यागी के मुताबिक, अंशिका मूल रूप से हरपुरबुधट की रहने वाली है और सिंहड़िया इलाके में किराए पर रहती थी। उसकी महंगी जीवनशैली और गतिविधियों के चलते परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। पुलिस फिलहाल मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और ट्रांजैक्शन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। मुख्य आरोपी अंशिका के साथी बंटी वर्मा समेत पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment