नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को औचक रूप से नैनीताल जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले की महत्वपूर्ण एवं बहुप्रतीक्षित परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) का स्थलीय निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वर्षभर कैंचीधाम पहुंचते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाईपास के निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। इस अवसर पर लोनिवि के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से लगभग आठ किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स किया जा चुका है, जिसके लिए विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ी कटिंग के लिए 5 करोड़ 6 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, वहीं वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों एवं अन्य कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं। बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी प्रस्तावित है, जिसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है तथा पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण कार्यों को आगामी पर्यटन सीजन से पूर्व पूर्ण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क एवं इसी मार्ग में शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा क्षेत्र में बर्फबारी देखने पहुंचे पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए किसी प्रकार की असुविधा न होने की बात कही। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
