देहरादून। सिविल सर्विसेस इंस्टीट्यूट में आयोजित दून चिंतन शिविर के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जनसेवा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और निर्णयों का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेशों और निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर ढिलाई या टालमटोल को स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता की अपेक्षाएं प्रशासन से जुड़ी होती हैं और यदि जनसेवा में लापरवाही बरती जाती है तो इसका सीधा असर सरकार की विश्वसनीयता पर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की नियमित समीक्षा, समयबद्ध निर्णय और त्वरित कार्रवाई को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं, ताकि आम जनता को सरकारी सेवाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
