देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, जबकि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। वहीं प्रदेश के मैदानी और अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी तक प्रदेशभर के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। इधर, बर्फबारी के चलते प्रदेश में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में छह राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 66 सड़कें बंद हैं। चमोली जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग हनुमान चट्टी से आगे बंद है, जबकि गोपेश्वर-मंडल-चोपता और जोशीमठ-मलारी-नीती राष्ट्रीय राजमार्ग भी बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हैं। उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राड़ीटॉप से औरछाबैंड तक तथा ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगनानी से आगे बंद है। टिहरी जिले में चंबा-धनोल्टी-सुवाखोली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बर्फबारी की वजह से बंद पड़ा है, जिसे खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
