77वां गणतंत्र दिवस: देहरादून में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ध्वजारोहण

देहरादून।आज देश भर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, वहीं मुख्यमंत्री आवास में भी इस पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने का अवसर प्रदान करता है।मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि यह दिन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और संविधान की सर्वोच्चता का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, देश के वीर बलिदानियों और सीमा पर तैनात सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज देश का गणतंत्र सशक्त और सुरक्षित है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को ईमानदारी, परिश्रम और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है।सीएम हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा केदारनाथ धाम से दिए गए संदेश के अनुरूप 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे ले जाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि 77वां गणतंत्र दिवस हमारे राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। यह दिवस उन अमर स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्षों से एक सशक्त लोकतांत्रिक गणराज्य की स्थापना संभव हुई। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment