उधमसिंह नगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी 2026 को जनपद सहित राज्य के कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें कहीं हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों, विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए अवकाश रहेगा। हालांकि कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के वे विद्यार्थी जो सीबीएसई, आईसीएसई, उत्तराखंड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, उनके लिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यदि किसी विद्यालय द्वारा अध्ययन, प्रायोगिक अथवा प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित कोई शैक्षणिक गतिविधि आयोजित की जाती है, तो इसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, उधमसिंह नगर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
