देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर तीन माह तक विधानसभा स्तर पर जन-जागरण अभियान और धरना-प्रदर्शन चलाने की घोषणा की। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त है और कांग्रेस अब सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आंदोलन किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी ऐलान किया कि 16 फरवरी को कांग्रेस पार्टी राज्यपाल आवास का घेराव करेगी, जिसमें प्रदेशभर से कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल विरोध नहीं, बल्कि जनता की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है और यदि सरकार ने जनहित के मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह जन-जागरण अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
