केंद्रीय बजट 2026 से उत्तराखंड को फिर मिलेगी उम्मीद से ज्यादा सौगात: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रत्येक प्रमुख योजना में उत्तराखंड को विशेष रूप से शामिल किया जाता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य से गहरा लगाव होने के कारण उत्तराखंड का हर स्तर पर विशेष ध्यान रखा जाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के बजट से राज्य को हर बार उम्मीद से अधिक लाभ मिला है और इस बार भी बजट उत्तराखंड के लिए नई संभावनाओं और विकास के अवसर लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यटन और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में केंद्र की योजनाएं राज्य के समग्र विकास को गति दे रही हैं। वहीं केंद्रीय बजट को लेकर उत्तराखंड के किसानों में भी बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। किसानों का कहना है कि सरकार को उनकी फसलों की तय न्यूनतम समर्थन मूल्य पर शत प्रतिशत खरीद की गारंटी देनी चाहिए, ताकि उन्हें उत्पादन का उचित लाभ मिल सके। किसानों ने यह भी मांग की कि नकदी फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं लाई जाएं और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। किसानों का कहना है कि वे परंपरागत फसलों के साथ-साथ नकदी फसलों का भी उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन न्यूनतम मूल्य पर पूरी उपज की खरीद की गारंटी न होने से उन्हें आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि केंद्रीय बजट 2026 में उनकी समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस घोषणाएं की जाएंगी, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिले और किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment