‘विकसित भारत–2047’ की मजबूत नींव रखने वाला सर्वस्पर्शी बजट: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी


देहरादून। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में देश का आम बजट 2026 प्रस्तुत किया, जो मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा पूर्ण बजट है। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कृषि, रक्षा, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार समेत तमाम क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण और दूरगामी घोषणाएं कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसमें देश की नारी शक्ति का सशक्त प्रतिबिंब दिखाई देता है और यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देता है। बजट को लेकर देशभर से राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026 को ‘विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को समर्पित सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी बजट’ बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि आने वाले दशकों में भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि इस बजट का मूल केंद्र किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग हैं। बजट में अवसरों का विस्तार, आत्मनिर्भरता का विश्वास और समाज के हर वर्ग के उत्थान की ठोस योजनाएं स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं।
सीएम धामी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने, कृषि को आधुनिक बनाने, अधोसंरचना के विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाले प्रावधान देश की आर्थिक गति को तेज करने के साथ-साथ सामाजिक संतुलन और समावेशी विकास को भी मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट रोजगार सृजन, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा को एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे पर्वतीय राज्यों में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, स्थानीय आजीविका मजबूत होगी और युवाओं व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह कदम न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि पहाड़ी अर्थव्यवस्था को भी स्थायी मजबूती प्रदान करेगा।
सीएम धामी ने कहा कि निःसंदेह यह बजट ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जो भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट देश और उत्तराखंड दोनों के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment