हिमालय में प्रकट हुआ दूसरा ‘ॐ’ पर्वत, हालिया बर्फबारी के बाद उभरी अद्भुत आकृति, आस्था और प्रकृति का अद्वितीय संगम

पिथौरागढ़/धारचूला। हिमालय की ऊंची चोटियों पर हालिया बर्फबारी के बाद प्रकृति ने एक बार फिर ऐसा दृश्य रच दिया है, जिसने श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और प्रकृति प्रेमियों को चकित कर दिया है। धारचूला और मुनस्यारी के मध्य स्थित हिमालय की एक पर्वत चोटी पर बर्फ की सफेद चादर में ‘ॐ’ की स्पष्ट और आकर्षक आकृति उभरकर सामने आई है, जिसे अब हिमालय का दूसरा ‘ॐ पर्वत’ कहा जा रहा है। दूर से ही साफ दिखाई देने वाली यह आकृति इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुराणों में हिमालय क्षेत्र में आठ ‘ॐ पर्वतों’ का उल्लेख मिलता है और स्थानीय लोगों का विश्वास है कि हाल ही में दिखाई दिया यह पर्वत उन्हीं में से एक हो सकता है। पहले वर्षों में बर्फ कम होने के कारण यह आकृति धुंधली और अस्पष्ट नजर आती थी, लेकिन इस बार हुई भारी बर्फबारी के बाद ‘ॐ’ का स्वरूप बेहद साफ, संतुलित और स्पष्ट दिखाई देने लगा है।शिव की भूमि कहे जाने वाले हिमालय में ‘ॐ’ की आकृति के प्रकट होने से क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल है। सुबह-शाम लोग दूरबीन और खुली आंखों से इस पर्वत के दर्शन कर रहे हैं, वहीं कई श्रद्धालु इसे दिव्य संकेत मानते हुए पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रकृति का अद्भुत चमत्कार बता रहे हैं, तो कुछ इसे पुराणों में वर्णित भविष्यवाणियों से जोड़कर देख रहे हैं। शिक्षाविद डी.एस. पांगती का कहना है कि यह प्रकृति की रचनात्मक शक्ति का अनुपम उदाहरण है, जो हिमालय को केवल भौगोलिक नहीं बल्कि आध्यात्मिक रूप से भी विशिष्ट बनाता है। वहीं पंडित भास्कर चंद्र जोशी के अनुसार, पुराणों में वर्णित आठ ‘ॐ पर्वतों’ के क्रमिक प्रकट होने की मान्यता कलियुग से जुड़ी है और यह दृश्य उसी परंपरा की एक कड़ी हो सकता है।गौरतलब है कि इससे पहले बीते मार्च माह में डीडीहाट क्षेत्र से भी हिमालय में ‘ॐ’ जैसी आकृति दिखाई दी थी, जिसे जानकारों ने वास्तविक ओम पर्वत से भी बड़ी बताया था। उस समय बर्फ कम होने के कारण इसकी रेखाएं पूरी तरह स्पष्ट नहीं थीं, लेकिन अब भारी बर्फ जमने के बाद यह आकृति पूर्ण रूप से उभर आई है। बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियों पर उभरा यह ‘ॐ’ आज न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन गया है, बल्कि प्रकृति और अध्यात्म के अद्वितीय मेल का प्रतीक बनकर देश-विदेश तक आकर्षण का विषय बन रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment