देहरादून/हरिद्वार।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे। तीनों वरिष्ठ नेताओं का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अमला और भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।एयरपोर्ट से सीधे सभी नेता हरिद्वार स्थित सप्तऋषि मैदान पहुंचे, जहां त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्मा, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।महोत्सव को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम केवल राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की आध्यात्मिक चेतना के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने सदियों से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा को जीवंत रखा है।सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय ऐसा था जब रामभक्तों का अपमान होता था, तब देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत भी उपेक्षित रहती थी। उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं और राष्ट्र की विरासत, आस्था और रामभक्तों का सम्मान हो रहा है।उन्होंने कहा कि कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, लेकिन आज राम मंदिर न केवल बना है, बल्कि वह भव्य और दिव्य स्वरूप में देश की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन चुका है। यह परिवर्तन देश के आत्मसम्मान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संकेत है।इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज को एकजुट करने वाला बताया। नेताओं ने गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव को आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला कार्यक्रम बताया।महोत्सव स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
