साई प्रशिक्षण केंद्र काशीपुर में दो दिवसीय खेल चयन प्रतियोगिता 10 व 11 फरवरी को
काशीपुर।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्र काशीपुर द्वारा विभिन्न खेलों में दो दिवसीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह चयन प्रक्रिया 10 और 11 फरवरी को प्रातः सुबह 8 बजे से स्टेडियम काशीपुर में आयोजित की जाएगी।
स्टेडियम स्थित साई प्रशिक्षण केंद्र के केंद्र प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि यह चयन प्रतियोगिता आवासीय एवं गैर-आवासीय योजनाओं के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। आवासीय योजना के तहत एथलेटिक्स खेल में केवल बालक वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि गैर-आवासीय योजना के अंतर्गत बालक व बालिका दोनों वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवासीय योजना के अंतर्गत ताइक्वांडो और बॉक्सिंग खेल में केवल बालक वर्ग की चयन प्रक्रिया होगी। वहीं, भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) खेल में आवासीय व गैर-आवासीय दोनों योजनाओं के तहत केवल बालक वर्ग का चयन किया जाएगा।
इस चयन प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थियों को चयन के समय चार पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र एवं खेल से संबंधित प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
साई प्रशिक्षण केंद्र की ओर से इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
