टनकपुर/चंपावत।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 319 करोड़ रुपये से अधिक की 20 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में टनकपुर शारदा घाट कॉरिडोर, इकोलॉजिकल पार्क तथा सिटी ड्रेनेज प्लान जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं।टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इससे न केवल आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार, पर्यटन और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन और मूलभूत सुविधाओं को सशक्त करने का कार्य कर रही है, लेकिन विपक्ष हर सकारात्मक प्रयास में कमियां निकालकर भ्रम फैलाने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में विपक्ष ने किसी भी विकास कार्य की सराहना नहीं की।107 करोड़ रुपये से बनेगा शारदा घाट कॉरिडोरमुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित शारदा घाट कॉरिडोर 200 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिस पर लगभग 107 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा 85 करोड़ रुपये की लागत से इकोलॉजिकल पार्क तथा चंपावत नगर क्षेत्र में 60 करोड़ रुपये की लागत से सिटी ड्रेनेज प्लान लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।माघ खिचड़ी सेवा सामाजिक समरसता की प्रतीकमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ धार्मिक स्थलों का भी पुनर्निर्माण एवं विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चारधाम की तर्ज पर मानसखंड क्षेत्र का भी समग्र विकास किया जा रहा है। टनकपुर में आयोजित माघ खिचड़ी सेवा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
