काशीपुर के महेशपुरा स्थित टीचर कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय मनीष पाल की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में आई गंभीर चोट जानलेवा साबित हुई। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम वह सरवरखेड़ा से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। डेला पुल के बीच अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही उनके सिर पर गहरी चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के साले राजेश पाल के अनुसार मनीष पाल के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी पत्नी रेनू पाल और 11 वर्षीय बेटा विशाल पाल हैं। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी शोक व्यक्त करते हुए दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
