उत्तराखंड में बुजुर्ग महिलाओं के लिए राज्य सरकार नई योजना लागू करने की तैयारी कर रही है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से राज्यभर में बुजुर्ग महिलाओं से संवाद कर सर्वे कराया जा रहा है, जिसके आधार पर योजना का ड्राफ्ट तैयार कर आगामी वित्तीय वर्ष से इसे लागू किया जाएगा।महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के अनुसार प्रस्तावित योजना गरीब, मध्यम और सक्षम तीनों वर्गों की महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। वर्तमान में जरूरतमंद महिलाओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है, लेकिन अब उनके पोषण और दैनिक आवश्यकताओं पर भी सरकार विशेष ध्यान देने की तैयारी में है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर पीएम पोषण योजना के तहत आसपास के स्कूलों में बुजुर्ग महिलाओं के लिए पका हुआ गर्म भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। सैनिक बहुल प्रदेश में बड़ी संख्या में वीर नारियां और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की बुजुर्ग महिलाएं भी इस योजना के दायरे में लाई जाएंगी। साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि उनके परिवारजन उनकी उचित देखभाल कर रहे हैं या नहीं।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा सम्मानदेहरादून में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बुजुर्ग महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।महिलाओं पर विशेष फोकसप्रदेश सरकार ने हाल ही में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना को मंजूरी दी है, जिसमें अविवाहित, तलाकशुदा, निराश्रित और दिव्यांग एकल महिलाओं को परियोजनाओं में 75 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। अब इसी कड़ी में बुजुर्ग महिलाओं के लिए अलग योजना लाकर उनकी वास्तविक जरूरतों के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।










संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
