चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चार ट्रांजिट कैंपों में धामों के होटल एसोसिएशन पदाधिकारियों, ट्रांसपोर्टरों, टूर ऑपरेटरों तथा डंडी-कंडी व्यवसायियों के साथ बैठक की, जिसमें विभिन्न संगठनों ने कई सुझाव और समस्याएं रखीं।होटल व्यवसायियों ने धामों में यात्रियों की संख्या की वैधता समाप्त करने और पंजीकरण प्रक्रिया में न्यूनतम शुल्क तय करने की मांग उठाई। वहीं ट्रांसपोर्टरों की ओर से टीजीएमओयू अध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने बताया कि यात्रा के दौरान दूसरे राज्यों के वाहन बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचकर एक स्थान से संचालित होते हैं और मनमाने किराये वसूलते हैं, जिससे स्थानीय परिवहन व्यवसाय प्रभावित होता है।चारधाम यात्रा रोटेशन के पूर्व अध्यक्ष नवीन रमोला ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा इंद्रमणि बडोनी चौक से चंद्रभागा नदी किनारे ट्रांजिट कैंप तक बनाई गई सड़क पर अवैध कब्जे हो गए हैं। यहां ट्रक स्टैंड, बस धुलाई केंद्र और अन्य गतिविधियों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा आईएसबीटी क्षेत्र में नियमित सत्यापन और चेकिंग न होने से पार्किंग में खड़ी बसों की बैटरियां चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।गढ़वाल आयुक्त ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए राजीव स्वरूप को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और यात्रा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। प्रशासन का कहना है कि यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा, यातायात और सुविधा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।










संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
