रोडवेज बस अड्डा शिफ्ट की आस में अभी भी लटका हुआ

काशीपुर। रोडवेज बस अड्डे को मुरादाबाद रोड पर स्थित सरवरखेड़ा शिफ्ट करना था। इसके लिए लोनिवि विभाग की ओर से पांच माह पूर्व परिवहन मुख्यालय को पत्र भेज कर निर्माण कार्य का आकलन करने का अनुरोध किया था। पांच माह बीतने के बाद भी परिवहन मुख्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में बस अड्डा शिफ्ट करने का मामला अधर में लटका हुआ है।काशीपुर की जनता को वर्ष 1982 में रोडवेज डिपो की सौगात मिली थी। यहां करीब 42 बसें हैं। यहां से हरिद्वार, दिल्ली, जयपुर, आगरा आदि शहरों के लिए बस का संचालन किया जाता है। शहर के बीचों-बीच स्थित डिपो तक पहुंचना लोगों के लिए आसान है लेकिन कुछ साल से इस डिपो को शहर से बाहर करने की चर्चा होती रही है। पहले भी सूत मिल समेत मुरादाबाद रोड पर सरवरखेड़ा में जमीन का निरीक्षण किया जा चुका है लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका। अब एक बार फिर से चर्चा होने लगी है। पिछले साल छह अक्तूबर को लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय को पत्र भेजा है। इसमें लिखा गया है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार रोडवेज बस अड्डे को मुरादाबाद बाइपास रोड पर स्थानांतरित किया जाना है। घोषणा के तहत बस अड्डे, वर्कशॉप के लिए आवश्यक क्षेत्रफल की आवश्यकता है। ऐसे में बस अड्डे के निर्माण के लिए प्रारंभिक आगणन गठित कर अग्रिम कार्रवाई की जा सके। पत्र को भेजे पांच माह हो चुके हैं लेकिन अब तक परिवहन मुख्यालय की ओर से कोई पत्राचार नहीं हुआ है। लोनिवि की ओर से तीन बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है। लेकिन पत्राचार के बीच स्थानीय जनता पीस रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment