देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला प्रभावी मंच बन चुका है। यह कार्यक्रम नवाचारों को बढ़ावा देने, सामाजिक एकता मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।रविवार को मुख्यमंत्री ने सीएम आवास में जनप्रतिनिधियों, संस्कृति स्कूल के बच्चों और अन्य गणमान्य लोगों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वें एपिसोड को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया है।मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एआई के क्षेत्र में नई संभावनाओं को समझना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाना आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है, ताकि साइबर अपराधों से बचा जा सके।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानदास, सविता कपूर, सुरेश गड़िया तथा पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौंरियाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
