रुड़की। मंगलौर क्षेत्र में छह दिन पहले हुई ग्रामीण प्रदीप की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज 20 हजार रुपये के लालच में की गई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2019 में ‘मिस्टर उत्तराखंड’ का खिताब भी जीत चुका है, लेकिन नशे की लत ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया।सिविल लाइंस कोतवाली में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 17 फरवरी को कांवड़ पटरी पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान घोसीपुरा निवासी प्रदीप के रूप में की। जांच में सामने आया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी तथा सिर पर भी चोट के निशान पाए गए।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक मृतक की बाइक पर बैठा दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर देवबंद तिराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनायक त्यागी निवासी ग्राम बरला, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने बताया कि वह फिलहाल ज्वालापुर में रह रहा था। आरोपी ने खुलासा किया कि 17 फरवरी की रात वह घर जाने के लिए निकला था और रुड़की की एक शराब दुकान के बाहर बस का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान प्रदीप भी वहां शराब लेने आया, लेकिन दुकान बंद होने के कारण दोनों के बीच बातचीत हुई और पहचान बढ़ गई।इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से रामपुर चुंगी स्थित शराब की दुकान पर शराब लेने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस मामले की अन्य कड़ियों को भी खंगाल रही है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
