सीमा सुरक्षा और विकास पर सरकार का फोकस: मुख्यमंत्री धामी ने आईटीबीपी के साथ समन्वय मजबूत करने पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “सुरक्षित सीमा, सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वित रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमांत क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में राज्य सरकार और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के बीच नियमित संवाद और प्रभावी समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों तथा आपदा प्रबंधन के दौरान आपसी तालमेल को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सीमावर्ती जिलों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में आईटीबीपी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील सीमावर्ती राज्य में आईटीबीपी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात आईटीबीपी के जवान न केवल देश की सीमाओं की रक्षा में अग्रिम पंक्ति में खड़े हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास और आपदा राहत कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार और आईटीबीपी के बीच मजबूत तालमेल से सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment