कार्मिक सुरक्षा पर धामी का बड़ा एक्शन, सभी सरकारी दफ्तरों के लिए बनेगी एसओपी

देहरादून में सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने तत्काल मुख्य सचिव को फोन कर निर्देश दिए कि अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और प्रभावी एसओपी तैयार की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और किसी भी प्रकार की अवांछित घटना पर त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को भी प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस कदम को सरकारी कार्मिकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment