हल्द्वानी। हल्द्वानी के एफटीआई सभागार में शनिवार को आयोजित अहम समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था और जिले में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह स्पष्ट हैं और सभी योजनाओं व कार्यों को तय समयसीमा के भीतर, पूर्ण पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कुमाऊं क्षेत्र में बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाने, सोलर फेंसिंग को मजबूत करने और तारबाड़ को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वन विभाग को नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया ताकि जनहानि और फसलों के नुकसान को रोका जा सके। पनियाली क्षेत्र में कैमरों में तेंदुए और बाघ की मौजूदगी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने कार्रवाई को और तेज करने पर जोर दिया।गर्मी के मौसम को देखते हुए जंगलों में आग की बढ़ती आशंका पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने फायर लाइन (अग्निरोधक खाइयों) को समय पर दुरुस्त रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और रेंज स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग की किसी भी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाए और नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए सभी विभाग सतर्क रहें।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनजागरूकता अभियानों को तेज करने पर भी जोर दिया, ताकि आमजन की भागीदारी से जंगल की आग और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से समन्वित और परिणाम-आधारित कार्यशैली अपनाने की अपेक्षा जताई।












संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
