गुरुकुल हेलीपैड पर हंगामा: सीएम धामी के पहुंचने से पहले भाजपा नेताओं की पुलिस से नोकझोंक

हरिद्वार। गुरुकुल हेलीपैड पर मंगलवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने से पहले दर्जाधारी मंत्री और कई भाजपा नेताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि नेता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। इसी बात को लेकर मौके पर विवाद खड़ा हो गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री के आगमन से पहले हेलीपैड क्षेत्र में कड़ा सुरक्षा घेरा बना रखा था। इसी दौरान दर्जाधारी ओमप्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट और जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी सहित कई नेता भीतर प्रवेश करने लगे। पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए उन्हें रोका, जिससे नेता नाराज हो गए और पुलिस कर्मियों से बहस शुरू हो गई।स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हालांकि, नाराज नेताओं ने हेलीपैड पर ही मुख्यमंत्री के पहुंचने पर अधिकारियों के व्यवहार की शिकायत भी की। बताया गया कि मुख्यमंत्री हरिद्वार में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने बैरागी कैंप जाने वाले थे, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल रही, वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था तय प्रोटोकॉल के अनुसार लागू की गई थी और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई संभव नहीं है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment