देहरादून। ईरान में मौजूदा तनावपूर्ण हालात के बीच उत्तराखंड सरकार सक्रिय हो गई है। गृह विभाग ने प्रदेश के 35 ऐसे व्यक्तियों की सूची विदेश मंत्रालय को भेज दी है, जो वर्तमान में ईरान में फंसे बताए जा रहे हैं। इनमें सर्वाधिक 32 नाम हरिद्वार जनपद से, दो चमोली से और एक पौड़ी गढ़वाल जिले से संबंधित है।गृह विभाग ने एहतियातन सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि यदि उनके संज्ञान में ईरान में फंसे किसी भी व्यक्ति की जानकारी आती है तो तत्काल इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों का मानना है कि क्षेत्र से और भी नाम सामने आ सकते हैं, इसलिए सतत निगरानी रखी जा रही है।सूत्रों के अनुसार, ईरान में चल रहे युद्ध जैसे हालात के कारण वहां बड़ी संख्या में काम कर रहे भारतीय नागरिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें उत्तराखंड के लोग भी शामिल हैं। इसी कड़ी में हाल ही में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक काजी निजामुद्दीन ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर हरिद्वार के 19 व्यक्तियों की सूची भेजी थी, जो ईरान में फंसे हुए बताए गए हैं।इसके अतिरिक्त हरिद्वार जनपद से 13 अन्य नाम भी गृह विभाग को प्राप्त हुए, जिसके बाद केवल हरिद्वार से कुल 32 व्यक्तियों की सूची तैयार हो चुकी है। राज्य सरकार का कहना है कि जैसे ही मध्य एशिया क्षेत्र में हवाई सेवाएं सामान्य होंगी, केंद्र सरकार के समन्वय से फंसे हुए लोगों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती ने पुष्टि करते हुए बताया कि गृह विभाग को अब तक प्राप्त सभी नाम केंद्र सरकार को प्रेषित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नई सूचना मिलते ही उसे तत्काल शासन तक पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
