हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आए लोगों को भारत की नागरिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी कानून के माध्यम से उत्तराखंड में भी अब तक करीब डेढ़ सौ लोगों को नागरिकता दी जा चुकी है।शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री धामी दूसरी बार हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने लंबे समय से भारत में रह रहे उन लोगों को नागरिकता देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जो पड़ोसी देशों में धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएए के माध्यम से ऐसे लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी कई परिवार वर्षों से रह रहे थे और अब इस कानून के तहत उन्हें भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत आगे बढ़ा रही है।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार अपने चार वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत करेगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आने वाले समय में भी केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए कार्य करती रहेंगी।













संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
