हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शनिवार (7 मार्च) को प्रस्तावित एक दिवसीय हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैरागी कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और प्रदर्शनी स्थल का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें।गृहमंत्री अमित शाह अपने इस दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और नई न्याय संहिता से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। साथ ही वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार आगमन उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को गरिमामय और सफल बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा।उधर, गृह मंत्री की सुरक्षा को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी हरिद्वार में डेरा डाल दिया है। एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया है। साथ ही स्थानीय पुलिस को बाहरी लोगों के दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।













संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
