काशीपुर। नगर के सिद्धपीठ श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र मास की द्वितीया से शुरू हुआ पूजा-अर्चना का क्रम आज भी जारी रहा। आज मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा नजर आया। सुबह से मंदिर के बाहर दोनों ओर कतार में लगे श्रृद्धालु अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मंदिर के प्रबंधक/पीठाधीश पं- संदीप मिश्रा ने बताया कि रोग हरण अवतारी मां शीतला देवी को नगर कोट देवी, महाकाली, तृष्णा, कालरात्रि, श्री चौगानन चौराहे वाली व मसानी माता के नाम से भी जाना जाता है। ऋतु परिवर्तन से होने वाली बीमारियों से मुक्ति के लिए प्रतिवर्ष चैत्र मास की द्वितीया से यहां विशेष पूजा-अर्चना का प्रावधान है। आज भारी संख्या में श्रृद्धालु जन मंदिर पहुंचे और मां शीतला देवी को हल्दी का तिलक लगाकर नारियल, कच्चा दूध, चना, चना दाल, मसूर दाल, हल्दी, गुड़, आटा, पुए, सरसों का तेल, नमक, झाडू आदि अर्पित करते हुए मनौतियां मांगीं। उन्होंने बताया कि पूजा-अर्चना का यह क्रम मंगलवार को भी जारी रहेगा। बुधवार, 11 मार्च को शीतला अष्टमी पर बसौड़ा पूजन किया जाएगा।















संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
