काशीपुर। महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले बाइक सवार युवक की आज सुबह डंपर की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करते हुए शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पता चला है कि ग्राम करनपुर जनपद रामपुर उप्र- निवासी रामपाल सिंह (32) पुत्र जमुना प्रसाद पिछले लगभग 10 वर्षो से यहां महुआखेड़ागंज में किराये का कमरा लेकर एक फैक्ट्री में मजदूरी किया करता था। बीती रात्रि नाईट ड्यूटी करने के बाद आज सुबह वह बाईक पर सवार होकर कमरे की और लौट रहा था। इसी दौरान महुआखेड़ागंज क्षेत्र में बीरपुर रोड पर रजा पेट्रोल पंप के समीप अनियत्रिंत डंपर के चालक ने तेजी व लापरवाही से बाइक में टक्कर मारकर फैक्ट्री श्रमिक को मौत के घाट उतार दिया। घटना के घटते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को मामले की सूचना मिलने पर उसने तत्काल मौके पर पहुंचकर जरूरी जानकारी जुटाने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर अत्यपरीक्षण के लिए उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी वा चार बच्चों समेत भरा पूरा परिवार पीछे छोड़ गया। अकस्मात घटी घटना को लेकर मृतक परिवार में शोक व्याप्त है।















संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
