गैरसैंण बजट सत्र पर कांग्रेस का हमला, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित बजट सत्र के बाद देहरादून में कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि गैरसैंण में आयोजित बजट सत्र के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हुआ है और स्थापित संसदीय परंपराओं का पालन नहीं किया गया।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही बजट पेश करना संसदीय परंपराओं के विपरीत है। साथ ही बजट चर्चा के दौरान सदन में मंत्रियों और सत्तापक्ष के विधायकों की कम उपस्थिति को उन्होंने जनता के प्रति जिम्मेदारी की कमी बताया। आर्य ने कहा कि इससे यह संदेश गया कि सरकार गंभीर मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है।नेता प्रतिपक्ष ने विकासनगर, मसूरी और यमुना कॉलोनी क्षेत्रों में सरकारी तथा सिंचाई विभाग की कीमती जमीनों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो यह प्रदेश के हितों के खिलाफ होगा और कांग्रेस इसका विरोध करेगी।कांग्रेस ने राज्य के बजट और वित्तीय स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। आर्य के अनुसार सरकार ने 1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जबकि राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़कर लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी ऋण राशि भविष्य में राज्य की आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है।इसके अलावा उन्होंने सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में पर्याप्त चर्चा न कराने का आरोप लगाया। आर्य ने कहा कि विपक्ष बार-बार इन जनहित के मुद्दों को उठाता रहा, लेकिन सरकार केवल अपना एजेंडा चलाने में लगी रही।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और जनहित के लिए सरकार को जवाबदेह बनाना विपक्ष की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इस भूमिका को मजबूती से निभाती रहेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment