धामी मंत्रिमंडल विस्तार अंतिम चरण में, 20 से अधिक दायित्व भी जल्द बंटेंगे

देहरादून। उत्तराखंड की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में लंबे समय से प्रतीक्षित विस्तार और दायित्व वितरण अब जल्द होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार दायित्वधारियों की सूची तैयार हो चुकी है और हाईकमान से अनुमति मिलते ही अगले पखवाड़े के भीतर मंत्रिमंडल विस्तार तथा 20 से अधिक दायित्वों का वितरण किया जा सकता है।राजनीतिक जानकारों के अनुसार राज्य सरकार और भाजपा दोनों आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनावी मोड में आ चुके हैं। धामी सरकार 23 मार्च को अपने चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इससे पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 7 मार्च को हरिद्वार से सरकार की उपलब्धियों को आधार बनाकर राजनीतिक अभियान का आगाज कर दिया था।इसी क्रम में 21 मार्च को कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले गढ़वाल मंडल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इस कदम के माध्यम से विधायकों और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ संगठन में संतुलन और राजनीतिक संदेश देने की रणनीति पर काम कर रहा है।वर्तमान में धामी मंत्रिमंडल में कुल 12 पदों में से 7 पद भरे हुए हैं, जबकि 5 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों को भरने के लिए लंबे समय से चर्चा चल रही थी। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले यह विस्तार सरकार की प्रशासनिक और राजनीतिक मजबूती के लिए अहम साबित होगा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री धामी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि उचित समय पर मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। अब पार्टी के भीतर भी इसे लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं और जल्द औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment