काशीपुर। चैत्र मास में लगने वाले उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मेले में शुमार चैती मेले में आज तड़के मां बाल सुंदरी देवी का डोला गाजे-बाजे और धूम धड़ाके तथा ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए श्रद्धालुओं की भक्ति के बीच पुलिस की कड़ी सुरक्षा में नगर मंदिर से चलकर शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ चैती मंदिर पहुंचा। इस दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। बता दें कि मां बाल सुंदरी देवी का डोला पूर्व की भांति धूमधाम के साथ नगर मंदिर से चैती मंदिर के लिए रवाना हुआ। मां बाल सुंदरी की स्वर्ण प्रतिमा को लेकर गाजे-बाजे एवं ढोल नगाडों के साथ सहायक प्रधान पंडा विकास अग्निहोत्री मां के नगर मंदिर मोहल्ला पक्काकोट से हजारों भक्तों की भीड़ के साथ पालकी रूपी डोले में लेकर चैती मेला भवन पहुंचे। वहीं मां बाल सुंदरी की स्वर्ण प्रतिमा मां के भवन में पहुंचते ही भक्तों की भीड़ प्रसाद चढाने के लिए चैती मेले में उमड़ पड़ी। मां बाल सुंदरी सात दिन चैती मंदिर में विराजमान रहने के बाद वापस धूम-धडाके के साथ 31 मार्च की अर्द्धरात्रि वापस नगर मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी। मां को नगर मंदिर से लेकर चैती मंदिर पहुंचे प्रधान पंडा विकास कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि मां बाल सुंदरी देवी का डोला नगर मंदिर से चैती मंदिर के लिए प्रस्थान करने से पूर्व मां की स्वर्णिम प्रतिमा को बुधवार की सुबह 8 बजे से रात्रि में 12 बजे तक मौहल्ला पक्का कोट स्थित नगर मंदिर में सार्वजनिक दर्शनों के लिए सुलभ थीं। इस दौरान स्थानीय तथा दूरदराज से आये मां के भक्तों ने मां के दर्शन किये। रात्रि 12 बजे कलश स्थापना होकर हवन पूजन के साथ सांकेतिक बलि दी गयी। इसके बाद माँ का डोला तड़के सुबह 3 बजे नगर मंदिर से चलकर सवा 4 बजे चैती मंदिर पहुंचा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च की अर्द्धरात्रि में पूरे विधिविधान के साथ पूजा अर्चना कर वापस नगर मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी। भक्तों में मां के प्रति श्रद्धा का अनुमान इसी के साथ लगाया जा सकता है कि डोले के साथ हजारों की संख्या में मां के भक्त डीजे और ढोल तथा बैंड बाजों की धुन पर झूमते नाचते जा रहे थे। मां का डोला मौहल्ला पक्काकोट स्थित नगर मंदिर से शुरू होकर मां मंसा देवी रोड, मुख्य बाजार, नगर निगम रोड महाराणा प्रताप चौक और द्रोणा सागर के पीछे टीले वाली सड़क से होते हुए चैती मंदिर पहुंचा। जहां हजारों की संख्या में प्रतीक्षारत भक्तों ने माता का भव्य अभिनंदन किया।















संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
