देहरादून।उत्तराखंड में विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके 1377 कर्मचारी नियमों के विपरीत दोहरी पेंशन का लाभ ले रहे हैं। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की डाटा विश्लेषण एवं क्रॉस वेरिफिकेशन प्रक्रिया में यह गंभीर अनियमितता सामने आई है।कैग द्वारा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दी जा रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धा एवं विधवा पेंशन) और सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली नियमित पेंशन के डाटा का आधार नंबर के माध्यम से सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि 1377 पूर्व सरकारी कर्मचारी सरकारी सेवा से मिलने वाली पेंशन के साथ-साथ वृद्धा अथवा विधवा पेंशन का भी लाभ उठा रहे हैं।कैग ने इन सभी मामलों की पहचान करते हुए शासन को विस्तृत पत्र भेजकर दोहरी पेंशन के संबंध में अवगत करा दिया है। नियमों के अनुसार, सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं दिया जा सकता।सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर अब इन मामलों की जांच कर वसूली एवं आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। कैग की इस रिपोर्ट के बाद समाज कल्याण विभाग और संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
