देहरादून के ननूरखेड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है और उसी प्रेरणा से उत्तराखंड सरकार भी राज्य को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेल भूमि’ के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य पर तेज़ी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में खेल प्रतिभाओं को केवल प्रोत्साहन ही नहीं, बल्कि आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, बेहतर खेल अवसंरचना और प्रतियोगिताओं के व्यापक मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में उभर नहीं पाती थीं, लेकिन अब न्याय पंचायत स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं की पहचान हो रही है। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिनमें पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में क्षैतिज आरक्षण, आर्थिक प्रोत्साहन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही सरकार स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान पर काम कर आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल ढांचा विकसित कर रही है, जिससे उत्तराखंड तेजी से देश के अग्रणी खेल राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या भी उपस्थित रहीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
