देहरादून :देहरादून के लोक भवन परिसर में 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित होने वाला वसंतोत्सव इस वर्ष ‘फ्लोरल हीलिंग’ थीम के साथ और अधिक आकर्षक व व्यापक स्वरूप में सामने आएगा। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि वसंतोत्सव केवल एक पुष्प प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव-विविधता, स्थानीय उत्पादों और प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के पुष्प उत्पादकों, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और लघु उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बाजार से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। राज्यपाल ने यह भी रेखांकित किया कि वसंतोत्सव ने देहरादून की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है और हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक, प्रकृति प्रेमी और स्थानीय नागरिक इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं।उन्होंने कहा कि ‘फ्लोरल हीलिंग’ थीम के माध्यम से इस बार आयोजन में फूलों की सौंदर्यात्मक प्रस्तुति के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, मानसिक सुकून और पर्यावरणीय महत्व को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ेगी। वसंतोत्सव के दौरान विविध पुष्प प्रजातियों की भव्य प्रदर्शनी, स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा पर्यटन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि यह उत्सव न केवल दर्शनीय बने बल्कि उत्तराखंड में पुष्प पर्यटन और स्थानीय उद्यमिता को नई गति देने वाला सिद्ध हो।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
