किसान विकास क्लब की मासिक बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा

काशीपुर। मुरादाबाद रोड स्थित नवीन कृषि मंडी के गेस्ट हाउस में किसान विकास क्लब की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने की। मुख्य अतिथि कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कल्याण सिंह ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित कई योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि कृषि संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे हमेशा वह उपलब्ध रहेंगे। वहीं, बैठक में मौजूद किसानों भूमिधर अधिकार सहित अपनी पुरानी मांगों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। जिसमें वर्ग-4 एवं वर्ग 1 (ऽ) की भूमि पर वर्ष 1983 या उससे पहले से काबिज किसानों को अब तक भूमिधर अधिकार नहीं मिल सके हैं। लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और शासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। इस मुद्दे पर एक बार फिर किसानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पात्र किसानों को भूमिधर अधिकार दिलाने की मांग उठाई है। किसानों ने बताया कि वर्ष 1983 या उससे पहले वर्ग-4 की भूमि पर काबिज किसानों की जमीन बाद में वर्ग-1 (ऽ) में परिवर्तित हुई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्वामित्व का अधिकार नहीं दिया गया। उनका कहना है कि भूमिधर अधिकार मिलने से उनकी जमीन सुरक्षित होगी और वे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ भी उठा सकेंगे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान रवि कुमार सिंह, सत्यपाल सिंह, सुभाष चौधरी, संजय रावल, श्वेतांशु चतुर्वेदी, राजीव मित्र, अपूर्व मेहरोत्र, संदीप चतुर्वेदी, देवी सिंह यादव, डॉ- अशोक अरोड़ा, दिलबाग सिंह, रमेश सपरा, अर्जुन सिंह, कैलाश मैठाड़ी और अन्य किसान मौजूद रहे। संचालन सचिव श्वेतांशु चतुर्वेदी ने किया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment