काशीपुर। बड़ी मात्रा में सिलिंडरों का जखीरा प्रशासन की टीम ने एक खडहर से पकड़ा है। एलपीजी सिलिंडरों के अवैध भंडार स्थल का संचालन उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर, स्वार तहसील के धोसीपुर गांव का जुबैद अली संचालित कर रहा था। मौके से कच्ची शराब व गांजा भी मिला है। पूर्ति विभाग ने सिलिंडरों को गैस गोदाम को सौंप लिया है। आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी करने की तैयारी है। राजस्व, पूर्ति विभाग व पुलिस की टीम ने बीती शाम ग्राम दभौरा मुस्तकम, परमानंदपुर तहसील काशीपुर में चहारदीवारी के भीतर पुराने खडहर में छापेमारी के दौरान 53 घरेलू गैस सिलिंडर (सात भरे, 46 खाली) व 16 व्यावसायिक सिलिंडर नौ भरे, सात खाली की खेप पकड़ी। 3-170 किलो गांजा व 100 लीटर कच्ची शराब भी मिली है। आरोपित जुबैद अली सिलिंडरों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। आरोपित को हिरासत में लिया गया है। पूर्ति निरीक्षक तन्मय मैठाणी ने बताया कि सिलिंडरों को नेहा इंडेन गैस एजेंसी को सौंप दिया गया। आरोपित के विरुद्ध आईटीआई कोतवाली में प्राथमिकी दी जा रही है। टीम में राजस्व निरीक्षक रोहित शर्मा, अरुण कुमार, आइटीआइ कोतवाली के एसएसआई अरविंद बहुगुणा व एसआइ शंकर बिष्ट शामिल रहे।
















संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
