रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई राज्य में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन STF की सटीक रणनीति के चलते आखिरकार वह पकड़ में आ गया। इस गिरफ्तारी को बहुचर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। दरअसल, 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा क्षेत्र में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर कार में सवार होकर आए थे और घर के बाहर ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया था।इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसने जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग दिए। फुटेज में हमलावरों का पेशेवर अंदाज साफ नजर आया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था और लगातार दबिश दी जा रही थी। अब मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के बाद जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य सहयोगियों और साजिश के पीछे के नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई को राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि कानून से बच पाना अब आसान नहीं है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
